मुगलपुरा नई बस्ती में नाले में डूबने से मृतक छात्र अरशद का फाइल फोटो
बागपत। बारिश में अपने पिता के साथ नहाते हुए पांच वर्षीय बच्चा नाले में गिरकर डूब गया। बच्चे को तलाश करने में सफाई कर्मी व अन्य लोग लगाए गए। देर रात 10.30 बजे बच्चे का शव मिल सका। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और कक्षा एक में पढ़ता था।
नई बस्ती मुगलपुरा निवासी रोजुद्दीन बुधवार शाम को बारिश शुरू होने पर घर के पास ही नहाने लगा। जिसके साथ पांच वर्षीय बेटा अरशद भी बारिश में नहाने आ गया। वहां से शहर से पानी की निकासी के लिए नाला गुजर रहा है जो यमुना में जाता है। वहां नहाते हुए बच्चा अरशद गिर गया और वह नाले में गिरकर डूब गया। बारिश तेज होने के कारण पानी का बहाव भी काफी तेज था और उसमें बच्चा बह गया। उसके पिता रोजुद्दीन ने बचाव के लिए शोर मचाया तो वहां काफी लोग एकत्र हो गए। नगर पालिका के सफाई कर्मी और पुलिस भी वहां पहुंच गई। वह सभी बच्चे की तलाश में जुट गए और जेसीबी मंगवाकर भी उसे तलाश किया।
बारिश के कारण नाले में बढ़ गया था पानी
नाले की गहराई करीब पांच फुट बताई जा रही है और पानी की रफ्तार भी ज्यादा नहीं होती है। लेकिन यहां बुधवार शाम को बारिश तेज होने के कारण पानी काफी बढ़ गया और इससे नाला ऊपर तक भरने से करीब सात फुट तक गहरा हो गया। इसके साथ ही पानी का बहाव भी काफी तेज था। जिससे उसमें गिरते ही बच्चे का कुछ पता नहीं लग सका।
इकलौता बेटा था अरशद
अरशद अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और रोजुद्दीन की अन्य दो बेटियां है। उसने बताया कि बेटा अरशद पास ही स्कूल में कक्षा एक में पढ़ता है। उसके नाले में गिरने से परिवार का बुरा हाल है।