बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर वाया शामली रेलमार्ग पर पहली मेमू ट्रेन का बृहस्पतिवार को संचालन हो गया।
बुधवार से 10 मेमू (मेन लाइन इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट) ट्रेनों का संचालन शुरू होना था। इस वजह से ट्रेनों के समय में काफी फेरबदल किया गया। पहली मेमू ट्रेन संख्या 01623 बुधवार शाम सात बजे दिल्ली जंक्शन से चलकर बड़ौत स्टेशन पर शाम 8.40 बजे पहुंचनी थी, जो अपने निर्धारित समय पर नहीं पहुंची। आठ से 10 दिसंबर तक सभी 10 मेमू गाड़ियों के रेलवे ट्रैक पर उतारे जाने की समय सारिणी भी तैयार थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
स्टेशन अधीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि गुरुवार को केवल मेमू ट्रेन का संचालन हो पाया है। दिल्ली से सहारनपुर को पहली मेमू ट्रेन संख्या 01619 का संचालन सुबह 7:40 मिनट पर हुआ। नए लुक में मेमो एकदम मेट्रो की तरह चमचमाती हुई आई। मेमू ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों में खुशी की लहर है।