बागपत। फैजपुर निनाना गांव में जिले की पहली वातानुकूलित डिजिटल लाइब्रेरी बनकर तैयार हो गई है, जहां युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी शुरू कर दी है। युवाओं में पढ़ाई को लेकर ऐसा क्रेज है कि बीस से ज्यादा युवाओं ने पंचायत घर में रहना शुरू कर दिया है।
फैजपुर निनाना गांव में प्रधान प्रीति धनकड़ व प्रतिनिधि रोहित धनकड़ ने प्रस्ताव रखा था कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बागपत, बड़ौत व अन्य जगहों पर जाना पड़ता है। जहां उनको काफी रुपये व समय खर्च करना पड़ता है। इसलिए कुछ ऐसी व्यवस्था हो कि उनको गांव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाएं मिल सके।
इसे देखते हुए प्रस्ताव पास करके करीब चार लाख रुपये खर्च करके डिजिटल लाइब्रेरी बनाई गई। लाइब्रेरी पूरी तरह से वातानुकूलित है और उसमें पांच कंप्यूटर लगाए गए है। इसके अलावा पांच कंप्यूटर और लगाए जाएंगे। वहां वाईफाई की व्यवस्था की गई है, जहां युवा फ्री में ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं। वहां युवा कंप्यूटर के सहारे प्रिंट निकालते हैं और उनसे पढ़ाई करते हैं।
लाइब्रेरी शुरू होते ही फैजपुर निनाना, फैजल्लापुर, सुल्तानपुर हटाना, राजपुर खामपुर, खेड़ा इस्लामपुर, बिहारीपुर, नैथला के सौ से ज्यादा युवाओं ने पढ़ाई करने आना शुरू कर दिया है। अभी सुबह व शाम दो शिफ्ट में युवा पहुंचकर पढ़ाई कर रहे हैं। लाइब्रेरी शुरू होते ही सीडीओ एमएल व्यास, मंत्री केपी मलिक ने निरीक्षण किया और सराहना की।
पंचायत घर में रहने लगे युवा, हर महीने होगा टेस्ट
युवाओं में पढ़ाई की ऐसी लग्न है कि आसपास के गांवों के बीस युवाओं ने पंचायत घर में रहना शुरू कर दिया। वह रात में 11 बजे तक पढ़ाई करते है और उसके बाद पंचायत घर में सो जाते हैं। वह सुबह अपने घर जाकर नहाने व खाना खाने के बाद दोबारा लाइब्रेरी में आकर पढ़ाई करना शुरू कर देते हैं। लाइब्रेरी संचालित करने वाले रोहित धनकड़ बताते हैं कि युवाओं का हर महीने की आखिरी तारीख को टेस्ट कराया जाएगा और उसमें बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रधान की तरफ से सम्मानित किया जाएगा।
युवा बोले, घर में मिला तैयारी का मौका
फैजपुर निनाना गांव की पूजा ने बताया कि बड़ौत तैयारी करने के लिए जाना चाहती थी, लेकिन वहां आने-जाने की समस्या थी। इसलिए काफी परेशानी होती थी। अब फैजपुर निनाना में लाइब्रेरी में अच्छे से पढ़ाई हो रही है। खेड़ा इस्लामपुर के प्रिंस दांगी कहते है कि वह ज्यादातर समय लाइब्रेरी में रहकर पढ़ाई करते है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उम्मीद है कि इसका फायदा जरूर मिलेगा।