बागपत। शहर के घनश्यामदास मार्ग पर स्थित जिम में बुधवार दोपहर जिम कर रहे युवकों में कहासुनी होने पर झगड़ा हो गया। बीच-बचाव कराने वाले युवक पर बंदपुर गांव के युवक ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने फायरिंग करने वाले को हिरासत में ले लिया।
पुराने कस्बे में रहने वाले अर्पित चौहान पुत्र अशोक चौहान ने बताया कि बुधवार को वह जिम में गया था। तभी कुछ युवकों के बीच मामूली कहासुनी हो गई। जिम के अंदर हंगामा बढ़ने पर उसने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। तभी बंदपुर गांव का एक युवक तमंचा लेकर आया और फायरिंग कर दी। जिसमें वह बाल-बाल बच गया। जिसके बाद जिम में मौजूद युवकों ने उस पर फायरिंग करने वाले को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी अर्पित निवासी बंदपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।