बड़ौत। बड़ौली और बिनौली थाना क्षेत्र के खपराना गांव में मामूली कहासुनी को लेकर कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं महिलाओं को बचाने के लिए आए लोगों पर भी हमला बोल दिया। आरोपियों ने डंडे मारकर एक महिला का हाथ भी तोड़ दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बड़ौली गांव की रहने वाली सुरेशवती ने बताया कि 23 नवंबर की शाम वह घर पर थी। उसी दौरान दो भाइयों समेत चार युवक उसके घर में घुस गए और मारपीट कर दी। डंडे मारकर उसका हाथ भी तोड़ दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि घटना का रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर खपराना गांव की रहने वाली बबली पत्नी जसवीर ने बताया कि वह अपने मकान की नींव भर रहे थे। इसी दौरान उनके सामने रहने वाले लोग उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियारों से उस पर, पति जसवीर, बेटे सागर पर हमला कर घायल कर दिया।
चौकी पर शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह एसपी कार्यालय पहुंची। उधर पुलिस का कहना है कि बबली की तहरीर पर मुकेश, राकेश, लोकेश, शिवा, शिदान्त और राजा निवासी खपराना गांव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।