बागपत। सर्दी बढ़ने से बुखार के मरीज काफी कम हो गए हैं लेकिन त्वचा व खांसी-जुकाम के मरीज काफी बढ़ गए हैं। यहां आरोग्य मेलों में सबसे ज्यादा इन बीमारियों के मरीज पहुंचे तो बच्चे भी काफी बीमारियों की चपेट में आने के कारण आरोग्य मेलों में उपचार कराने पहुंचे।
जिले में 23 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आरोग्य मेले लगाए गए। इनमें 1100 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 174 बीमार बच्चे भी उपचार कराने पहुंचे। सीएमओ डा. महावीर सिंह के अनुसार बुखार काफी कम हो गया है और मेलों में बुखार के 41 मरीज आए, जिनका उपचार किया गया। त्वचा रोग के 117 मरीज आरोग्य मेले में पहुंचे तो खांसी-जुकाम के 112 मरीज आए। इन सभी का उपचार करने के साथ ही खानपान व सर्दी में विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई। मधुमेह की बीमारी के 108 मरीजों की जांच करके दवाई दी गई जबकि पेट खराब होने के 62 मरीजों का उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सर्दियों में खानपान संतुलित नहीं होने से पेट में समस्या हो जाती है।
मधुमेह के रोगी भी बढ़े
आरोग्य मेलों में मधुमेह के रोगी लगातार बढ़ते जा रहे हैं और बड़ौत के पठानकोट में रविवार को सबसे ज्यादा 31 रोगी मधुमेह के पहुंचे। उनकी जांच करने के साथ ही दवाई दी गई। अमीनगर सराय में खांसी-जुकाम के सबसे ज्यादा करीब 36 मरीज पहुंचे। वहां अन्य रोगों के मरीज काफी कम रहे। वहीं पुरा महादेव का क्षेत्र काफी छोटा होने के बाद भी वहां 86 मरीज पहुंचे।