अमीनगर सराय। कस्बे के विद्युत केंद्र पर रखे 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर के तारों में चिंगारी निकलने के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तीन घंटे बाद आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
कस्बे के रहने वाले सुशील शर्मा, हरीमोहन, मुकेश, अनिरुद्ध, रोहित, कमल आदि ने बताया कि काफी समय से कस्बे में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे घरों में रखे उपकरण भी खराब हो गए हैं। रविवार सुबह 10 एमवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर के पास तारों में चिंगारी निकलने पर फाल्ट हो गया, जिससे कस्बे समेत लुहारा और पूठड़ गांव के आठ हजार घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते पानी और पशुओं के चारे के लिए समस्या का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इस मामले में ऊर्जा निगम के अवर अभियंता विवेक आनंद ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास फाल्ट होने से आपूर्ति ठप हो गई थी। उसे ठीक कराकर आपूर्ति शुरू करा दी गई।