दाहा। भड़ल गांव में हुई पंचायत में किसानों पर पराली जलाने पर हो रही कार्रवाई का विरोध किया गया और कार्रवाई होने पर अधिकारियों का घेराव करने की चेतावनी दी। भड़ल गांव में आयोजित पंचायत को संबोधित करते हुए किसान पुष्पेंद्र ठेकेदार ने कहा कि किसान पुराने समय से पराली जला रहे है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से ही पराली से प्रदूषण फैलने की बात कहीं जा रही है। पराली जलाने पर किसानों से जुर्माना वसूलने और मुकदमे दर्ज कराने की भी कार्रवाई की तैयारी है। उन्होंने कहा कि पराली जलाने पर किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने का विरोध किया जाएगा और अधिकारियों का घेराव करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि ईंट भट्ठों, रबड़ जलाने वाली फैक्टिरयों समेत अन्य जगहों पर कार्रवाई की जाए, जिससे प्रदूषण खुद ही नियंत्रित हो जाएगा। इस मौके पर सुखपाल, सिकंदर, सुदेशपाल, सोनू राणा, चांद राणा, देवेंद्र, डा. सुदेश पाल, बोबी, कृष्णपाल, सत्येंद्र, इंद्रपाल, बबलू, धूमसिंह समेत अन्य मौजूद रहे। संवाद