बागपत विकास प्राधिकरण कार्यालय पर भूमि अधिग्रहण का विरोध जताते ग्राम सांकरौद के किसान
- फोटो : KAHKRA
उद्योग पार्क के लिए जमीन नही देंगे किसान
बागपत, खेकड़ा। क्षेत्र के ग्राम सांकरौद के किसानों ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे के किनारे प्रस्तावित उद्योग पार्क के लिए भूमि नहीं देने का निर्णय किया है। किसानों ने बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण आफिस पर पहुंचकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।
खेकड़ा तहसील कार्यालय के सामने हाईवे के दूसरी ओर ग्राम सांकरौद का जंगल उद्योग पार्क के लिए प्रस्तावित किया गया है। खेकड़ा-बागपत-बड़ौत विकास प्राधिकरण ने इसके लिए नक्शा भी जारी किया हुआ है। लेकिन ग्राम सांकरौद के किसान इसके लिए अपनी कृषि भूमि को नहीं देना चाह रहे हैं। किसानों का कहना है कि यह उनकी कृषि भूमि है। इस पर अन्न उगाकर वे अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। वे अपनी कृषि भूमि का अधिग्रहण नहीं होने देंगे। किसानों ने मंगलवार को विकास प्राधिकरण आफिस में पहुंचकर अपनी आपत्ति दर्ज की। इस दौरान हरपाल सिंह, मनोज धामा, जगपाल सिंह, कृष्णपाल सिंह, मनबीर सिंह, प्रवीण, कुलदीप, संजीव, राममेहर सिंह आदि किसान मौजूद रहे।