बागपत के फैजुल्लापुर गन्ना क्रय पर हंगामा करते किसान
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। फैजल्लापुर गांव के क्रय केंद्र पर सोमवार को किसानों ने हंगामा किया। उन्होंने केंद्र पर नियमित तौल नहीं होने और घटतौली का आरोप लगाया। किसानों ने समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर धरने की चेतावनी दी।
ग्रामीणों का कहना था कि फैजल्लापुर में रमाला शुगर मिल का क्रय केंद्र लगा हुआ है, जहां फैजल्लापुर, नैथला, फैजपुर निनाना के किसानों के गन्ने की तौल की जाती है। आरोप है कि केंद्र से नियमित रुप से गन्ने का उठान न होने के कारण तीन से चार दिन में एक बार तौल कराई जाती है। नियमित तौल न होने के कारण केंद्र पर ट्रैक्टर और बुग्गियों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे लोगों का रास्ते से निकलना मुश्किल हो जाता है। तौल नहीं होने से किसानों के गन्ने की छिलाई प्रभावित हो रही है। किसानों को गेहूं की बुवाई और पशुओं के लिए चारे की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
कई बार समस्या का समाधान कराने की मांग की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इसके साथ ही केंद्र पर घटतौली होने पर घटतौली होने का आरोप लगाया। किसानों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर जिला मुख्यालय पर धरना देने की चेतावनी दी। मौके पर प्रधान प्रतिनिधि रोहित धनकड़, राजेंद्र, राममेहर, जगबीर, सोहनवीर, ओमपाल मौजूद रहे।