-भड़ल गांव में किसानों की समस्याओं को लेकर हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
दाहा। भड़ल गांव में आयोजित बैठक में किसानों की समस्याओं का समाधान करने पर चर्चा की गई। इस दौरान गन्ना भुगतान कराने और मूल्य बढ़ाने की मांग की। साथ ही खाद, बीज, डीजल, पेट्रोल के दाम कम करने की मांग भी उठाई।
भड़ल गांव में धूमसिंह के आवास पर आयोजित बैठक में वक्ताओं ने सबसे पहले बकाया गन्ना भुगतान दिलाने और गन्ने का दाम बढ़ाकर 450 रुपये कुंतल करने की मांग की। इस मौके पर रालोद नेता पुष्पेंद्र ठेकेदार ने कहा कि महंगाई के चलते खेती करना कठिन हो गया है और किसानों को मुनाफा भी कम ही मिल रहा है। खेती में प्रयोग होने वाले खाद, बीज से लेकर डीजल और पेट्रोल काफी महंगे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों के हित में निर्णय लेने चाहिएं। विदेशों में निर्यात होने वाले उत्पादों की पैदावार बढ़ाने के लिए किसानों को सब्सिडी दी जाए, जिससे किसान अपनी आय बढ़ा सकें। बैठक की अध्यक्षता धूमसिंह और संचालन मास्टर यशपाल सिंह ने किया। इस मौके पर राजीव राणा, सोनू राणा, सुरेंद्र राणा, प्रदीप राणा, डा. सुदेशपाल, किशनपाल, ओमवीर सिंह, इंद्रपाल सिंह और सतपाल आदि मौजूद रहे।