बागपत। हरियाणा और यूपी को जोड़ने के लिए यमुना नदी पर नांगल में बना पुल जल्द शुरू होने की उम्मीद है, क्योंकि पुल से नांगल की तरफ बनने वाली सड़क के लिए अधिग्रहण की गई जमीन का मुआवजा किसानों को मिलना शुरू हो गया है। इनको 45 लाख रुपये मुआवजा दे दिया गया है और 85 लाख रुपये जल्द दे दिया जाएगा। अब किसान सड़क बनाने का विरोध नहीं करेंगे और यह पुल नवंबर में शुरू होने की उम्मीद है।
यूपी व हरियाणा को जोड़ने के लिए अभी तक यमुना के ऊपर से केवल एक पुल निवाड़ा गांव के पास बना हुआ है, जो काफी पुराना है। इसके अलावा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से होकर हरियाणा जा सकते हैं। बागपत की तरफ ही दोनों पुल होने के कारण वर्ष 2017 में नांगल में यमुना नदी पर पुल का शिलान्यास किया गया था। यह पुल 84 करोड़ रुपये से कुर्डी व नांगल के बीच से पानीपत की सीमा तक बनाया गया है। इसका निर्माण सितंबर 2022 तक होना था, लेकिन निर्माण एक साल देरी से चल रहा है। इसका निर्माण जल्द पूरा होता दिख रहा था, क्योंकि इसपर यूपी की तरफ केवल सड़क निर्माण रह गया था, लेकिन सड़क के लिए अधिग्रहण की गई जमीन का अभी तक नंगला के किसानों को मुआवजा नहीं मिला था और उन्होंने दस दिन पहले सड़क निर्माण रुकवा दिया था। अब किसानों को मुआवजा मिलना शुरू हो गया है और पिछले दो दिन में 45 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। अभी 85 लाख रुपये मुआवजा दिया जाना है, जो इस सप्ताह में किसानों के खातों में पहुंच जाएगा।
-
नवंबर में पुल के ऊपर से वाहन दौड़ने की उम्मीद
नांगल के किसानों को मुआवजा मिला तो सड़क बनाने की बाधा दूर हो गई। इस पर मिट्टी डालने का कार्य चल रहा था और अब सड़क बनाने का कार्य किया जा सकता है। क्योंकि किसानों ने मुआवजा मिलने के बाद ही सड़क बनने देने की बात कही थी। इससे यह माना जा रहा है कि नवंबर में पुल के ऊपर से वाहन दौड़ने लगेंगे। बड़ौत की तरफ से पानीपत, कुरुक्षेत्र, करनाल, चंडीगढ़ की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए काफी फायदा होगा।
पुल निर्माण का कार्य हरियाण के सेतु निगम के अधिकारी करा रहे हैं। यहां से केवल जमीन देने का कार्य किया जाना था। इसके लिए जमीन दी जा चुकी है, लेकिन मुआवजे को लेकर कुछ समस्या थी। उसको दूर कर दिया गया है और अब सड़क निर्माण होते ही पुल शुरू हो सकेगा।
अतुल कुमार, एक्सईएन लोनिवि