-इब्राहिमपुर माजरा बिजलीघर पर चार गांवों के किसानों ने दिया सांकेतिक धरना
फोटो 4
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। इब्राहिमपुर माजरा गांव के जंगल में तीन नलकूपों पर मीटर लगाने पर कई गांवों के किसान भड़क गए। विरोध में इब्राहिमपुर माजरा गांव के बिजलीघर पर चार गांवों के किसानों ने सांकेतिक धरना दिया। साथ ही तीन नलकूपों पर लगे मीटर उखाड़कर लाइनमैन को सौंप दिए।
किसानों ने बताया कि इब्राहिमपुर माजरा गांव के तीन किसानों के नलकूपों पर रात में बिजली मीटर लगा दिए गए हैं, जिससे किसानों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि नलकूप पर मीटर लगाने के विरोध में बूढ़पुर, खडाना, फतेहपुर चक व इब्राहिमपुर माजरा के किसान बिजलीघर पर इकठ्ठा हो गए। इसी बीच वहां पहुंचे किसान चूनियन (अराजनैतिक) के जिला संगठन मंत्री संजीव दांगी व युवा जिला अध्यक्ष बसंत पहलवान ने किसानों के साथ वार्ता की। इसके बाद नलकूपों पर लगाए गए मीटर उखाड़कर लाए गए और उन्हें बिजलीघर में लाइनमैन को सौंप दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर दोबारा नलकूपों पर मीटर लगाया तो किसान आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे और बिजलीघर में तालाबंदी कर धरना देकर बैठ जाएंगे। इस मौके पर पूर्व प्रधान हरपाल सिंह, राजेंद्र, सुधीर तोमर, धर्मेंद्र, शौकेंद्र समेत अन्य किसान मौजूद रहे।