- मलकपुर चीनी मिल अधिकारी को दिया ज्ञापन
- अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के पदाधिकारियों ने सोमवार को मलकपुर चीनी मिल पहुंचकर हंगामा प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द बकाया भुगतान दिलाएं जाने की मांग को लेकर मिल अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने चीनी मिल के केन मैनेजर मुकेश मलिक को ज्ञापन देते हुए बताया कि मलकपुर चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू हुए एक माह हो चुका है, लेकिन अभी तक किसानों का बकाया भुगतान भी नहीं किया गया है। भुगतान न होने के कारण किसानों की हालत बहुत खराब है। बच्चों की फीस तक जमा नहीं हो पा रही है। इसके अलावा सभी आवश्यक कार्य भी पैसा न होने के कारण अटक गए हैं। यदि मिल जल्द ही किसानों का बकाया भुगतान एकमुश्त नहीं करती तो चीनी मिल गेट पर ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा। इस अवसर पर अशोक नैन, आशीष नैन, महेश चौधरी, सुनील सरोहा, सहदेव, बिल्लू, चंद्रहास, नीटू आदि मौजूद रहे।