फर्द नहीं मिलने पर किसानों ने तहसील पर किया हंगामा
खेकड़ा। फर्द नहीं मिलने पर खेकड़ा तहसील में किसानों ने हंगामा कर प्रदर्शन किया। इस दौरान पीड़ित किसानों ने उपजिलाधिकारी से फर्द दिलावाने की मांग की।
सोमवार को खेकड़ा शहर एवं क्षेत्र के किसान तहसील मे फर्द लेने के लिए पहुंचे, जहां खिड़की पर लाइन लगी थी। इस दौरान किसानों को फर्द नही मिली। इस बात से नाराज किसानों ने तहसील में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि वह फर्द लेने के लिए कई दिनों से तहसील के चक्कर लगा रहेे हैं। लेकिन उन्हें फर्द नही मिल रही है। इससे वह खासे परेशान है। इसके चलते उनके कार्य चौपट हो रहे है। उनकी गन्ने की कटाई, प्याज व गेहूं बुआई का समय चल रहा है। तहसील के चक्कर लगाने से उनके खेतों का काम बाधित हो रहा है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से फर्द दिलवाए जाने की मांग की। उपजिलाधिकारी राजपाल सिंह का कहना है कि कंप्यूटर में तकनीकी खामी के चलते फर्द निकलने में देरी हुई है। जल्द ही खामी को दूर कर किसानों की समस्या निपटा दी जाएगी। इस दौरान तरसपाल सिंह, रामकुमार धामा, अजय, रणधीर, कृष्णपाल, दिलशाद, राकेश, सतेंद्र आदि मौजूद रहे।