रटौल (बागपत)। बारिश से फसल बर्बाद होने से किसान परेशान हैं। शनिवार को खेत में बर्बाद हुई फसल देखकर एक किसान बेहोश होकर गिर गया।
कस्बे के रहने वाला किसान कादिर अब्बासी सुबह खेत में पहुंचा और बेहोश हो गया। जिसे देखते ही दूसरे खेत में काम कर रहा किसान नूरमोहम्मद ने शोर मचाया और कई किसान वहां पहुंच गए। होश में आने के बाद कादिर ने बताया कि उसने दस बीघा खेत में गेहूं की फसल उगाई थी, जो बारिश, ओलावृष्टि व तेज हवा से पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसान गुलबहार ने बताया कि बेहोश होने वाले किसान ने रमजान में पानी पीने से इनकार कर दिया।
किसान कादिर अब्बासी ने बताया कि उसकी गेहूं की फसल में 50 हजार रुपये से अधिक नुकसान हुआ है। फसल बर्बाद होने से उसके परिवार के गुजर बशर पर भी संकट खड़ा हो गया है।
-
प्रदेश में किसान परेशान
बागपत। रालोद कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए रालोद नेता ओमबीर सिंह ढाका ने कहा कि जिले में बजट के अभाव में कई योजनाएं अटकी हुई है और सरकारी कार्यालयों में स्टाफ नही है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर हादसे भी बढ़ रहे हैं और फसल बर्बाद होने और गन्ना भुगतान नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। इसके अलावा महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने महंगाई को कम करने की मांग की।