बागपत के बड़ौत के बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और राजस्व वसूली का लक्ष्य हासिल करने के लिए सोमवार को विद्युत निगम की टीम ने बिजरौल व बामनौली गांव में ताबड़तोड़ छापामारी कर सैकड़ों बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटकर लाखों की राजस्व वसूली की। कई जगहों पर किसानों ने चेकिंग अभियान का विरोध करते हुए हंगामा भी किया।
सोमवार को विद्युत निगम के जेई विकास कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने पहले बामनौली गांव में चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने यहां पर 20 से 50 हजार तक के करीब 30 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटे और करीब एक लाख रुपयों की राजस्व वसूली की। इसके उपरांत टीम ने बिजरौल गांव के जंगल में अभियान चलाकर 20 नलकूप संचालकों के कनेक्शन काटे। इन पर विभाग का लाखों रुपये बकाया था। बाद में गांव में चेकिंग चलाकर डेढ़ लाख रुपयों की राजस्व वसूली की। यहां पर चेकिंग की सूचना पर पहुंचेे किसान व ग्रामीणों ने हंगामा किया। किसानों ने कहा कि चीनी मिलों ने उनका बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिया है। इसके बावजूद निगम की टीम चेकिंग कर रही है। पुलिस से भी लोगों की नोकझोंक हुई। जेई विकास कुमार ने किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया। जेई विकास कुमार ने कहा कि निगम के अफसरों के निर्देशों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। विभाग को करोड़ों का राजस्व वसूली का लक्ष्य मिला है। किसी भी कीमत पर बकायेदारों को बख्शा नहीं जाएगा। टीम में जयप्रकाश, मांगे, सुधीर, केपी, नितिन आदि शामिल रहे।