बड़ौत। नगर के बड़ौली रोड स्थित हरक्यूलिस फैक्टरी पर रविवार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी और तहसीलदार की टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद की। इस दौरान टीम ने फैक्टरी मालिक से 30 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला और भविष्य में पॉलिथीन मिलने पर मुकदमा दर्ज करने की हिदायत दी गई।
तहसीलदार अमर वर्मा और नगर स्वास्थ्य अधिकारी अजेंद्र सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर की बड़ौली रोड स्थित हरक्यूलिस उद्योग फैक्टरी में छापा मारा। इस दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन के बोरे बरामद हुए। टीम ने बरामद बोरो को कब्जे में ले लिया और नगरपालिका के वाहन से नगर पालिका परिसर भिजवा दिया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ़ अजेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि त्योहारों के बाद से सिंगल यूज प्लास्टिक व प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग बढ़ गया है। सूचना पर उन्होंने उद्योग परिसर में पुलिस प्रशासन के सहयोग से छापेमारी की। उन्होंने बताया की प्रतिबंधित पॉलिथीन पर्यावरण के लिए सबसे बड़ा खतरा है और इसका बरामद होना एक अपराध है। फिलहाल फैक्टरी मालिक पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है और हिदायत दी गई है कि यदि भविष्य में पॉलिथीन पाई गई तो मामला दर्ज कराया जाएगा।