बागपत। ब्राह्मण पुट्ठी गांव की वृद्धावस्था पेंशन की लाभार्थी महेंद्री को मृत दिखाने वाले ग्राम पंचायत सचिव पर अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी। जिसमें सीडीओ ने सचिव को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश जारी किए।
ब्राह्मण पुट्ठी गांव की रहने वाली 80 वर्षीय महेंद्री देवी ने दो दिन पहले डीएम से शिकायत करते हुए बताया था कि वह पिछले 20 सालों से वृद्धावस्था की पेंशन ले रही है। जिसमें वर्ष 2021 में हुए भौतिक सत्यापन में ग्राम पंचायत सचिव ने उसे मृत दर्शाकर पेंशन बंद करा दी थी। सीडीओ विद्यानाथ शुक्ल ने बताया कि बुजुर्ग महिला को मृत दिखाने के मामले की जांच कराई गई। जिसमें तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव संदीप कुमार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने बताया कि तीन दिन में स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।