बड़ौत (बागपत)। बिना जांच पड़ताल के एक्सपायरी डेट (समय सीमा खत्म होने के बाद भी) पुष्टाहार वितरित किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पूरे दिन विभागीय अधिकारी मामले को दबाने में जुटे रहे, वहीं बड़ौली गांव सहित अन्य गांवों में एक्सपायरी डेट का पुष्टाहार मिलने से नाराज महिलाओं ने प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।
तीन माह से प्रदेश में बंद चल रही पुष्टाहार वितरण योजना को फिर से शुरू कर दिया गया है। कुछ दिनों से बिनौली, छपरौली व बड़ौत ब्लॉक के गांवों में वितरण शुरू हुआ। इससे पहले किसी अधिकारी ने यह तक देखने का प्रयास नहीं किया कि जो पुष्टाहार दिया जा रहा है, वह सही भी है या नहीं।
बड़ौली गांव की महिलाओं को सोमवार से पुष्टाहार वितरित किया जा रहा है। जब उन्हें जानकारी लगी कि यह पुष्टाहार एक्पायरी है, तो उनमें अफरातफरी मच गई। कुछ घरों में तो इसका प्रयोग तक कर लिया गया। महिलाओं ने एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि बिना जांच पड़ताल के लोगों को एक्सपायरी पुष्टाहार बांट दिया गया।
जब इसकी भनक अधिकारियों को लगी तो उन्होंने आनन-फानन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर भेज पर वितरित किया राशन वापस इकट्ठा करा लिया। आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर भी महिलाओं ने हंगामा किया। सोनिया, पुष्पा, नीलम, रेणु, राखी, मीनू, रूबी का कहना था कि यदि इस एक्सपायरी पुष्टाहार से बच्चों और उन्हें कुछ हो जाता तो कौन जिम्मेदार होता। पुष्टाहार पर इन्हें प्रयोग करने की जो तारीख लिखी हुई है, वह नवंबर माह में ही समाप्त हो चुकी है। इसके अलावा कुछ पर 15 दिसंबर, 17 दिसंबर तक प्रयोग करने की तिथि लिखी है। आखिर दो दिन में एक माह तक चलने वाले पुष्टाहार को कैसे प्रयोग कर सकते हैं।
कोट...
यदि इस प्रकार का मामला है तो यह गंभीर है। इसकी जांच कराई जाएगी। जिस प्लांट पर यह बनाया गया है, उस मशीन को महिलाएं ही संचालित करती हैं। उस मशीन में डेट बदलना महिलाएं भूल गई होंगी, फिर भी जांच कराई जा रही है। - ब्रजभूषण सिंह, एनआरएलएम
गभर्वती महिलाओं को बांटा गया एक्सपायरी डेट का पुष्टाहार- फोटो : BARAUT
एक्सपायरी पुष्टाहार बांटे जाने पर विरोध प्रदर्शन करती महिलाएं- फोटो : BARAUT