बागपत। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की इंप्रूवमेंट के साथ ही कंपार्टमेंट की प्रयोगात्मक परीक्षा अब 25 व 26 जून को होगी। परिषद की ओर से परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट की परीक्षा की तिथि पहले दस से 12 जुलाई निर्धारित की थी।
जिला विद्यालय निरीक्षक धमेंद्र कुमार सक्सेना ने बताया कि हाईस्कूल की इंप्रूवमेंट/कंपार्टमेंट की प्रोजेक्ट आधारिक प्रयोगात्मक परीक्षा/आंतरिक मूल्यांकन विद्यालयों में प्रधानाचार्य के निर्देशन में होगा, जबकि इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से परीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। छात्र-छात्राओं की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए केंद्र का निर्धारण किया जाएगा। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले छात्र अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य या जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। विद्यालयों के प्रधानाचार्य हाईस्कूल के छात्रों के आंतरिक मूल्यांकन के विषयवार अंकों की सूची और इंटरमीडिएट के छात्रों की प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक ओएमआर शीट पर 28 जुलाई तक क्षेत्रीय कार्यालय में उपलब्ध कराएंगे। इस बारे में सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य को पत्र भेजकर दिशा-निर्देश दिए गए है।