बागपत। कलक्ट्रेट में बुधवार को आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने श्रम विभाग पर बिना कारण नोटिस भेजकर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए रोष जताया और कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा बिजली, पानी की समस्याओं का समाधान कराने की मांग भी उठाई गई। वहीं बैठक में देरी से पहुंचने पर डीएम ने सहायक श्रमायुक्त विनीता सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
उद्यमी ने बैठक में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह से कहा कि श्रम विभाग की तरफ से नोटिस भेजकर उत्पीड़न किया जा रहा। जबकि मानकों का पालन करने के साथ ही नियमानुसार श्रमिकों से कार्य कराया जा रहा है। इसपर डीएम ने नाराजगी जताई और कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद इसका समाधान कराने का आश्वासन दिया। बागपत इंडस्ट्री वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल टंकी का संचालन कराने, भूमिगत पानी की स्टोरेज टैंक की स्थापना कराने की मांग की। जिस पर यूपीसीडा के अधिकारियों ने बजट मिलने पर कार्य कराने का आश्वासन दिया।
खेकड़ा के उद्यमी ने जमीन मालिकों के शपथ पत्र नहीं देने की समस्या उठाई। डीएम ने एसडीएम खेकड़ा को समाधान कराने के निर्देश दिए। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने अफसरों को उद्यमियों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए। इस दौरान दीपक मानव, योगेश जिंदल, सुशील जैन, अश्वनी शर्मा, लोकेश कुमार, हिमांशु गोयल, अमितांशु अग्रवाल समेत अन्य मौजूद रहे।
निवेश मित्र योजना के 26 आवेदन निरस्त
निवेश मित्र योजना की समीक्षा में अफसरों को विभिन्न अनुमति के लिए उद्यमियों के 665 आवेदन पत्र मिले। इनकी जांच के बाद 570 को मंजूरी दे दी गई। जबकि 26 आवेदन पत्र निरस्त कर दिए गए।
लाखों रुपये एडवांस देकर भी गैस आपूर्ति नहीं होने से बंद पड़े प्लांट
उद्यमियों ने थिंक गैस की सप्लाई नहीं मिलने की समस्या उठाई। उद्यमियों ने कहा कि खेकड़ा, बागपत और बड़ौत में कई प्लांट ऐसे है, जिनकी तरफ से थिंक गैस के लिए लाखों रुपये एडवांस जमा कराया गया, लेकिन उन्हें अभी तक सप्लाई नहीं दी जा सकी। इस कारण प्लांट शुरू नहीं हो सके।