बड़ौत। बिनौली रोड स्थित न्यू रामनगर कालोनी में तीन-चार युवकों ने लेन-देन के मामले को लेकर एक मकान में घुसकर महिला के साथ हाथापाई की और मोबाइल, नकदी छीनकर फरार हो गए। महिला ने बिनौली रोड पुलिस चौकी पर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने अभद्रता की और भगा दिया। पीड़िता कोतवाली पहुंची और तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता कविता पत्नी सुरेंद्र न्यू रामनगर कालोनी की रहने वाली है। लेनदेन को लेकर उसका कॉलोनी के ही कुछ युवकों के साथ विवाद चला आ रहा है। बुधवार रात कविता का पति किसी काम से बाहर गया हुआ था और वह अकेली थी। तीन-चार युवक घरमें घुस गए और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि उसका मोबाइल व मेज पर रखी चार हजार की नकदी भी उठाकर भाग गए। उधर सीओ युवराज सिंह का कहना है कि तहरीर की जांच शुरू कर दी गई है, जल्द कार्रवाई की जाएगी।