बड़ौत। दिगंबर जैन इंटर कॉलेज में पांच से छह युवकों ने हाईस्कूल के एक छात्र को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बेहोश हो जाने पर आरोपी छात्र को छोड़कर फरार हो गए। बाद में अन्य छात्र घायल को लेकर कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस कर्मियों ने घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बड़का गांव निवासी प्रिंस पुत्र प्रमोद दिगंबर जैन इंटर कॉलेज में कक्षा दसवीं का छात्र है। वह शुक्रवार को कॉलेज में गया था। छुट्टी होने से कुछ समय पहले पांच-छह युवक कॉलेज में घुस गए और उन्होंने प्रिंस को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। बचने के लिए छात्र दौड़ता रहा और आरोपी युवक उसे पीटते रहे। शोर सुनकर अन्य छात्र और शिक्षक उधर दौड़े तो उन्हें देख आरोपी प्रिंस को बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग निकले। बाद में कॉलेज के अन्य छात्र प्रिंस को घायल हालत में लेकर कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए तहरीर दी। इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान ने बताया कि घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है, जल्द ही आरोपी युवक पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
यह मामला मेरी जानकारी में नहीं है, ऐसा हो सकता है कि कॉलेज की छुट्टी के बाद छात्र के साथ मारपीट की गई हो, कॉलेज के अंदर कोई मारपीट नहीं हुई। आरोपी युवकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। - वकीलचन्द जैन, प्रधानाचार्य