बागपत। यूपी बोर्ड में अंग्रेजी का पेपर देखकर छात्रों के चेहरे खिल गए। शाम की पाली में भौतिक विज्ञान में छात्र उलझ गए। पेपर को लेकर छात्र-छात्राओं की मिलीजुली प्रतिक्रिया रही। किसी ने पेपर को आसान को किसी ने थोड़ा कठिन बताया।
यूपी बोर्ड में बुधवार सुबह की पाली में हाईस्कूल की अंग्रेजी और शाम की पाली में इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान की परीक्षा थी। पहली पाली में परीक्षा देकर निकले छात्रों का कहना था कि पेपर आसान आया और हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। शाम की पाली में इंटरमीडिएट के पेपर में छात्र उलझ गए।
शुभम चौहान ने बताया कि भौतिक विज्ञान का पेपर आसान आया। पेपर को लेकर डर सता रहा था, मगर पेपर आसान आने से अच्छे अंक मिलेंगे।
इकरार सैफी बोले पेपर थोड़ा कठिन आया, जिससे हल करने में थोड़ी परेशानी हुई। काजल ने बताया कि भौतिक विज्ञान का पेपर तैयारी के अनुसार आया। पेपर हल करने में कोई ज्यादा परेशानी नही। पेपर में अच्छें अंक मिलने की उम्मीद है।
पारुल चौहान ने बताया कि भौतिक विज्ञान का पेपर ना ज्यादा आसान आया और न ही ज्यादा कठिन आया। पेपर में दो प्रश्न तैयारी से अलग आए। इनको हल करने में परेशानी हुई।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर देखी व्यवस्था
सुबह और शाम की पाली में अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। जिलाधिकारी राजकमल यादव व पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने सुबह की पाली में राजकीय कन्या इंटर कालेज और यमुना इंटर कालेज बागपत का निरीक्षण किया। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान व अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्र ने दूसरी पाली में इंटरमीडिएट काॅलेज सरूरपुर कलां में परीक्षा का निरीक्षण किया। एसडीएम अपूर्वा यादव व क्षेत्राधिकारी ने गांधी इंटर कालेज खेकड़ा में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सह नोडल अधिकारी छवि श्रीवास्तव ने निगरानी कक्ष से यूपी बोर्ड व संस्कृत बोर्ड की परीक्षाओं की निगरानी की।
1549 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
यूपी बोर्ड में सुबह की पाली में दसवीं की अंगे्रजी की परीक्षा में 998 छात्र और शाम की पाली में हुई इंटरमीडिएट की अर्थशास्त्र की परीक्षा में 201 और भौतिक विज्ञान की परीक्षा में 350 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उधर संस्कृत परिषद की परीक्षा में 151 पंजीकृत छात्रों में से 125 ने परीक्षा दी।