बागपत/बड़ौत। जिले में शुक्रवार रात आई तेज आंधी व बरसात ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से शुक्रवार की देर रात आई तेज आंधी में बरसात से लोगों को राहत मिली। हालांकि बरसात के साथ आई आंधी से कोताना, लुहारी, मलकपुर, सरूरपुर, बरनावा , सिनौली, रंछाड, छपरौली ,ढिकौली, बागपत समेत अन्य क्षेत्रों में आंधी में मकानों पर लगे टीनशैड, ट्रांसफार्मर, विद्युत पोल तथा पेड़ धराशाई हो गए। क्षेत्र की बिजली तकरीबन पांच से छह घंटे से गुल पड़ी है। उधर रटौल समेत अन्य गांवों के जंगल में आम की फसल को भी खासा नुकसान पहुंचा है। बिजली के खंभे टूटकर जमीन पर आ गिरे। लाइनों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूरी रात देहात के गांवों की बिजली गुल पड़ी रही। बिजली कर्मियों की टीमें लाइनों को दुरस्त करने में जुटी थी। उधर आंधी के साथ आई बरसात से तापमान में कमी यही और लोगों को ठंडक का एहसास हुआ। आंधी रुकने के बाद लोगों ने गुल हुई बिजली की सूचना निगम के कर्मचारियों को दी। सूचना पर निगम की कर्मचारी मौके पर पहुंचे और फाल्ट को ढूंढने में लग गए। कई जगहों पर एक से दो घंटे बाद ही बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई, जबकि कई जगह पर बिजली गुल रही। उधर अधिशासी अभियंता द्वितीय केपी पुरी ने बताया कि आंधी से कई जगहों पर विद्युत लाइन पर पेड़ टूटकर गिरने की सूचना प्राप्त हुई है, जिन जगहों पर बिजली फाल्ट होने की वजह से बिजली गुल हुई है। वहां पर कर्मचारियों को भेजे जा रहा है और उसको ठीक किया जा रहा है।