- सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों को आक्रोशित लोगों ने सुनाई खरी-खोटी, प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बिनौली रोड पर रखे 400 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक तकनीकी खराबी आ जाने के कारण सोमवार की शाम पांच बजे चार कालोनियों की बिजली अचानक गुल हो गई। पूरी रात लोग गर्मी से बेहाल रहे। सुबह होने तक पेयजल संकट गहरा गया। मंगलवार को समस्या को लेकर आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू करते हुए बड़ौत-मेरठ मार्ग को अवरुद्ध करने का प्रयास किया, तो सूचना पर बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे। 21 घंटे बाद दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति दुरूस्त कराई गई, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
सूर्यनगर, साकेत, मोहननगर और शिव बिहार कालोनी को बिजली आपूर्ति देने के लिए 400 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर लगा हुए है। जिसमें सोमवार की शाम तकरीबन पांच बजे अचानक तकनीकी खराबी आ गई और इससे जुडे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूरी रात लोग गर्मी से बेहाल रहे। लोग बिजली आपूर्ति सुचारू कराने के लिए ऊर्जा निगम के अफसरों ओर कर्मचारियों का फोन मिलाते रहे, लेकिन किसी ने फोन तक रिसीव तक नहीं किया।
मंगलवार की सुबह तक पेयजल संकट भी गहरा गया। इससे आक्रोशित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बड़ौत-मेरठ मार्ग को अवरुद्ध करने का प्रयास करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि गर्मी का सीजन इस समय पीक पर है, लेकिन इसके बावजूद निगम के कर्मचारियों का नियमित रूप से बिजली आपूर्ति पर कोई ध्यान नहीं है। लोगों को चेकिंग के नाम पर परेशान किया जा रहा है, लेकिन अधिकारी भी मूकदर्शक बने हुए है। इस दौरान हंगामे की सूचना पर पहुंचे संविदा कर्मचारी इमरान सहित अन्य को लोगों ने घेर लिया और उन्हें खरी-खोटी सुनाई। सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता रविन्द्र कुमार को भी लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा, हालांकि बाद में दूसरा ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति करा दी गई थी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।