- एक माह के अंदर दो बार फुंक चुका है ट्रांसफार्मर
- आक्रोशित लोगों ने कर्मचारियों का घेराव कर सुनाई खरी-खोटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। गुराना रोड पर रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर एक माह के अंदर दो बार फुंक जाने से आक्रोशित लोगों ने शनिवार को ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर हंगामा किया और सूचना पर पहुंचे कर्मचारियों का घेराव कर उन्हें खरी-खोटी सुनाई। लोगों ने चेतावनी दी यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो मुख्य शिकायत केंद्र पर धरना शुरू कर देगें, जिसके बाद निगम के अफसरों ने दूसरा ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति सुचारू कराकर मामला शांत कराया।
शनिवार को सभासद प्रमोद शर्मा के नेतृत्व में काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए और हंगामा शुरू कर दिया। सभासद प्रमोद ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर काफी समय से ओवरलोड चल रहा है, लेकिन बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी आज तक इसकी क्षमता वृद्धि नहीं की गई, जिस कारण यह एक माह के अंदर दो बार फुंक गया। ट्रांसफार्मर फुंकने से तकरीबन 500 से अधिक घरों में रहने वाले 3000 से अधिक लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ता है। ऐसी भीषण गर्मी के बावजूद निगम के अवर अभियंता और अन्य अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे है।
आरोप लगाया कि मुख्य शिकायत केंद्र पर तैनात अधिकारियों ओर कर्मचारियों का बिजली आपूर्ति पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं है। इस दौरान सूचना पर पहुंचे लाइनमैनों का लोगों ने घेराव किया और उन्हें खरी-खोटी सुनाई। मामला बढ़ने की सूचना पर अवर अभियंता रविन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे तो लोग ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति कराएं जाने की मांग पर अड़ गए। जिसके बाद वहां पर दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति कराई गई। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।