-क्रोशित लोगों ने किया हंगामा, एबीसी लाइन लगाए जाने की मांग
फोटो संख्या 8
बड़ौत। मधुबन कालोनी में सोमवार शाम हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि उसकी चपेट में कोई नहीं आया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, घटना से लोगों ने जमकर हंगामा किया। साथ ही एबीसी लाइन लगाए जाने की मांग की। साथ ही सूचना पर पहुंचे कर्मचारियों का घेराव किया और उन्हें खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान पांच घंटे से अधिक समय तक कई कालोनियों में बिजली आपूर्ति ठप रही।सभासद योगेश तोमर के नेतृत्व में लोगों ने बताया कि मुधबन कालोनी में आबादी के बीचो-बीच हाईटेंशन लाइन गुजरी हुई है, जो काफी जर्जर हो चुकी है और आए दिन हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से हादसे की आंशका बनी रहती है। हाईटेंशन लाइन को हटाकर एबीसी लाइन लगाई जाए। आए दिन बिजली के जर्जर हो चुके तार टूटते रहते हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सोमवार देर शाम फिर बिजली की लाइन टूटकर गिर गई। गनीमत रही कि उस समय लाइन में करंट नहीं था। इससे आक्रोशित लोगों ने तार जोड़ने वाले कर्मचारियों का घेराव कर उन्हें खरी-खोटी सुनाई। कालोनीवासी एबीसी लाइन लगाने की मांग पर अड़े रहे। मधुबन कालोनी, पटेल नगर, रामबाग कालोनी आदि में पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। बाद में लोगों ने चेतावनी देकर कर्मचारियों को जाने दिया। साथ ही तीन दिनों के अंदर लाइन न बदलने पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी। अवर अभियंता नरेन्द्र प्रताप का कहना है कि उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर पूरी लाइन का स्टीमेट बनाकर लाइन को बदलवाए जाने का काम किया जाएगा।