प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत अल्पसंख्यक विभाग ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। गांवों में 42 करोड़ 73 लाख रुपये से खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाए जाने की तैयारी है। इसके लिए प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने खेल मैदान, लाइब्रेरी, स्वास्थ्य केंद्र बनाने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा। वहां से मंजूरी मिलते ही कार्रवाई शुरू की जाएगी।
गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य व खेल सुविधाएं बेहतर करने को लेकर जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत गांवों के विकास का खाका तैयार किया है। जिसमें गांवों में खेल मैदान, स्वास्थ्य केंद्रों, पशु स्वास्थ्य केंद्रों, बरातघरों, शौचालय, साइकिल स्टैंड, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, पेयजल हैडटैंक, बहुउद्देशीय हॉल, पुस्तकालय भवनों का निर्माण, ई-लाइब्रेरी का निर्माण कराने समेत विभिन्न विकास कार्य कराने के लिए 42 करोड़ 73 लाख का प्रस्ताव तैयार किया है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुमन गौतम का कहना है कि प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत सभी विभागों से प्रस्ताव मंगाकर शासन को भेजा गया है। अनुमति मिलने के बाद कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।
3.63 करोड़ से 18 गांवों में बनेंगे ई-पुस्तकाल्य
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत जिले के नौ गांवों में तीन करोड़ 63 लाख रुपये से ई-पुस्तकाल्य और भवन का निर्माण कराया जाएगा। जिसमें मांगरौली, शाहजहांपुर, पिछौकरा, फखरपुर शेखपुरा, दरकावदा, जलालपुर, जौहड़ी में ई-लाइब्रेरी का निर्माण कराने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अतिरिक्त बिलौचपुरा, डौला, बसौद, दौझा, रोशनगढ़, चौहल्दा, टांडा, रठौड़ा, असारा गांव में पुस्कालय का निर्माण कराया जाएगा।
54 लाख रुपये से 18 गांवों में बनेंगे साइकिल स्टैंड
जिले के 18 गांवों के स्कूलों के बाहर साइकिल स्टैंड बनाने के लिए 54 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिससे छात्र-छात्राएं साइकिल स्टैंड में खड़ी कर सकेंगे।
-
21 स्कूलों में मिलेगी स्मार्ट क्लास की सौगात
अल्पसंख्यक विभाग ने जिले के राजकीय कन्या हाईस्कूल व इंटर काॅलेजों में स्मार्ट क्लास के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया है। जिस पर सात करोड़ 30 लाख रुपये खर्च करने की तैयारी है। जिससे 21 स्कूलों के छात्र छात्राएं स्मार्ट क्लास से पढ़ाई कर सकेंगे।
रठौड़ा व टांडा में बरातघर बनाने का प्रस्ताव
जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए रठौड़ा व टांडा गांव में 83 लाख 76 हजार रुपये से बरातघर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। जिससे ग्रामीणों को शादी-विवाह समेत अन्य कार्यक्रमों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी।
-
दो करोड़ 66 लाख से बनेंगे खेल मैदान
गांवों में खेल मैदान व बहुउद्देश्य हॉल की सुविधा देने का भी प्रस्ताव बनाया है। जिसमें 15 गांवों में एक करोड़ रुपये की लागत से खेल मैदान व उनकी चहारदीवारी कराने और सात गांवों में एक करोड़ 66 लाख रुपये से बहुउद्देशीय हाॅल बनाने की तैयारी है।