बड़ौत। सहारनपुर से दिल्ली जा रही ट्रेन मेें बुधवार को बिजरौल फाटक के नजदीक तकनीकी खराबी आ गई। रेलवे ट्रैक पार कर रहे व्यक्ति को बचाने के लिए इमरजेंसी ब्रेक लगाने पर यह खराबी आई। ट्रेन में आई खराबी को ठीक करके रवाना किया गया।
सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन जब बिजरौल फाटक के नजदीक पहुंची तो रेलवे ट्रैक पार कर रहा अमन नाम का व्यक्ति ट्रेन के आगे आ गया। ट्रेन के चालक ने व्यक्ति की जान बचाने के लिए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। इससे व्यक्ति की जान तो बच गई, लेकिन इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। इस दौरान ट्रेन 45 मिनट वहां खड़ी रही। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
कई यात्री ट्रेन से उतरकर बसों में सफर कर दिल्ली पहुंचे। बाद में सूचना पर पहुंचे तकनीशियन ने खराबी को ठीक कर ट्रेन को दिल्ली की ओर रवाना किया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, ट्रेन की चपेट मेें आए रूप से घायल हुए अमन को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्टेशन अधीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि युवक ट्रेन की चपेट में आ गया था, तभी उसे बचाने के चक्कर में इमरजेंसी ब्रेक लगाने पर ट्रेन को रोका गया था।
सहारनपुर से दिल्ली जा रही ट्रेन की चपेट में आने से डूडा कॉलोनी निवासी अमन घायल हो गया था। जिसे गंभीर हालत में सीएचसी से दिल्ली रेफर किया गया था, लेकिन उपचार के दौरान बुधवार की देर रात अमन की मौत हो गई। ा