रमाला। कंडेरा गांव में क्रय केंद्रों से गन्ने का उठान नहीं हो रहा है, जिससे तौल प्रभावित हो रही है। वहीं किसानों का गन्ना खेतों में सूख रहा है। किसानों ने क्रय केंद्र से गन्ने का उठान कराने व नियमित तौल कराने की मांग की है।
कंडेरा गांव के किसान मनोज, धर्मेंद्र, अजय, बिजेन्द्र ने बताया कि गांव में रमाला मिल के तीन गन्ना क्रय केंद्र हैं। क्रय केंद्रों से गन्ने का उठान नहीं हो रहा है। गन्ने का उठान नहीं होने से तौल बंद है। अभी किसानों का काफी गन्ना खेतों में खड़ा हुआ है। किसानों को गर्मी के मौसम और तेज धूप में गन्ना छीलने में परेशानी हो रही है और छिलाई किया हुआ गन्ना खेतों में सूख रहा है। पहले भी मिल के अधिकारियों से मिलकर समस्या का समाधान कराने की मांग की गई थी, मगर कोई समाधान नहीं हुआ। इस बारे में सीसीओ अजय कुमार यादव का कहना है कि क्रय केंद्रों से जल्द ही गन्ना उठवाकर नियमित तौल कराई जाएगी।