संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। कृषक सेवा सहकारी समिति दाहा पर संचालकों की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें तीन संचालक ही पहुंचे। कोरम पूरा न होने के कारण समिति के संचालन का चयन नहीं हो सका।
समिति के एमडी विवेक चौधरी ने बताया कि समिति के सभापति कमल सिंह राणा ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उनका अपहरण कर उनके साथ मारपीट की थी। साथ ही उनसे 16 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई थी। सात अप्रैल को दोघट थाने पर उनके खिलाफ अपहरण, लूट एवं रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले में आरोपी सभापति कमल सिंह राणा, उसका भाई निर्भय राणा फरार चल रहे हैं। सभापति पर मुकदमा दर्ज होने के कारण समिति का कार्य प्रभावित हो रहा है। फाइलों पर हस्ताक्षर करने के लिए सोमवार को संचालन का चुनाव करने के लिए संचालकों की बैठक बुलाई गई थी। सोमवार को बैठक में आदेश राणा, मोमीन व संचालक सोनिका के पति साहब सिंह ही पहुंचे। कोरम पूरा न होने के कारण संचालक का चुनाव नहीं हो सका।