-लोगों को हैंडपंपों से करनी पड़ी पेयजल आपूर्ति, दिनभर गर्मी से रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। बिजली लाइन में फाल्ट होने के बाद कस्बे की दस एमवीए ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई, जिससे कस्बे और दो गांवों के छह हजार घरों की बत्ती गुल हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा। वहीं दैनिक कार्य भी बाधित हो गए।
कस्बा वासियों ने बताया कि 132 विद्युत केंद्र पर दस मेगावाट के ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति दी जाती है, जिसकी लाइन में फाल्ट होने के बाद ट्रांसफार्मर में ट्रिप हो गया। इससे पूरे कस्बे, लुहारा और पूठड़ गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रातभर बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण शुक्रवार सुबह पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ा। लोगों ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने की जानकारी ऊर्जा निगम के अधिकारियों को भी दी गई, लेकिन आपूर्ति ठीक नहीं कराई गई। कस्बावासी संजीव, सतेंद्र आदि ने बताया कि बिजली आपूर्ति न होने के कारण शुक्रवार को लोगों के कामधंधे भी प्रभावित हुए। उधर, पूठड़ और लुहारा गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए हैंडपंपों पर भीड़ लगी रही। कुछ घरों में जनरेटर चलाकर पेयजल व्यवस्था कराई गई।
वर्जन-
दस एमवीए का ट्रांसफार्मर ट्रिप होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है, जिसे ठीक करने के लिए मैकेनिक को बुलाया गया है। शनिवार सुबह ट्रांसफार्मर ठीक कराकर आपूर्ति चालू करा दी जाएगी।
अमर सिंह, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम।