अमीनगर सराय। औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर ने शनिवार को पिलाना गांव के एक दुकान से 57 हजार रुपये की अवैध ऑक्सीटोसिन दवाई पकड़ी है। औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर ने बताया कि पिलाना में किराना की दुकान पर ऑक्सीटॉसिन इंजेक्शन की अवैध बिक्री करने की सूचना मिली थी। शनिवार को असिस्टेंट कमिश्नर वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में दुकान पर छापा मारा। छापेमारी में दुकान से ऑक्सीटोसीन की 80 शीशी 200 एमएल, 64 शीशी 100 और 173 शीशी 80 एमएल की बरामद हुई। दवाई की कीमत 57 हजार रुपये है। बरामद दवाई को जब्त कर नमूना जांच के लिए भेज दिया है। आरोपी मोमीन के खिलाफ सिंघावली अहीर थाने पर अवैध दवाई बेचने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। नमूने की जांच रिपोर्ट आने पर आरोपी के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम 1940 की धारा 18/27 के अंतर्गत न्यायलय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट में वाद दाखिल कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि डीएम के निर्देशन में जिलेभर में मेडिकल स्टोरों पर जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। मानकों के विपरीत दवाईयों की बिक्री करने पर स्टोर संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
------------------