बड़ौत। एटा में हाईवे पर यात्रियों से भरी बस छोड़कर शराब पीने वाले बड़ौत डिपो की रोडवेज बस के चालक और परिचालक के खिलाफ विभाग ने कार्रवाई कर दी है। आरएम के आदेशों पर एआरएम ने दोनों की संविदा समाप्त कर दी।
एआरएम विपिन अग्रवाल ने बताया कि हाल ही में बड़ौत डिपो की रोडवेज बस नंबर यूपी 81बीटी 7067 कानपुर से सवारियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। जब एटा में बस पहुंची तो चालक संजय राणा, परिचालक बीरबल हाईवे पर यात्रियों से भरी बस को छोड़कर खाना खाने के लिए एक होटल में पहुंच। जहां पर दोनों पर शराब पीने का आरोप लगाते हुए यात्रियों ने इसकी शिकायत आरएम केके शर्मा से की थी। उसी दिन सोशल मीडिया पर दोनों की वीडियो भी वायरल हो गई थी।
आरएम ने एआरएम विपिन अग्रवाल को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। फिलहाल जांच में दोषी पाए जाने पर एआरएम ने दोनों की संविदा समाप्त कर दी है। बस संचालन प्रभारी नरेंद्र मान ने बताया कि सोशल मीडिया पर दोनों की शराब पीने की वीडियो वायरल होने के बाद एआरएम ने संविदा समाप्त की कार्रवाई की है।