रमाला। कासिमपुर खेड़ी गांव में भाभी की दहेज के लिए हत्या में नामजद आरोपी ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि पत्नी के मायके चले जाने के बाद से वह परेशान चल रहा था।
कासिमपुर खेड़ी गांव के रहने वाले सोनू उर्फ सोमपाल का शव बुधवार को कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। इस मामले में ग्राम प्रधान के पति भूपेंद्र ने बताया कि एक सप्ताह पहले मृतक सोनू की भाभी काजल की मौत हो गई थी। काजल के मायके वालों ने हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया था। इस मामले में पुलिस ने सोनू की मां और उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सोनू की पत्नी स्वाति और मृतका काजल बहन भी नामजद थी, स्वाति भी अपने चार माह के बच्चे को छोड़कर मायके चली गई थी। तभी से सोनू परेशान चल रहा था और बुधवार को कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में थाना प्रभारी ओपी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।