अमीनगर सराय। डौला सीएचसी में शासन स्तर से छह महीने बाद भी स्टाफ की नियुक्ति नहीं की गई है। सीएचसी का संचालन जिला स्तर से चिकित्सक और कर्मचारी नियुक्त कर किया जा रहा है। जबकि स्टाफ की नियुक्ति न होने के कारण सीएचसी पर इमरजेंसी सेवा शुरू नहीं हुई है। जिससे मरीजों को बागपत की दौड़ लगानी पड़ रही है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मार्च में डौला सीएचसी का संचालन शुरू कराया था। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शासन से स्टाफ की डिमांड की थी। स्टाफ न मिलने पर विभाग ने जिला स्तर से सीएचसी में पीएचसी का स्टॉफ नियुक्त कर सीएचसी का संचालन शुरू कराया गया था। सीएचसी शुरु होने के छह महीने बाद भी शासन स्तर से स्टाफ की नियुक्ति नहीं की गई है। सीएचसी पर केवल ओपीडी की सुविधा दी जा रही है। इमरजेंसी सेवाएं शुरू न होने के कारण डौला के अलावा क्षेत्र के दस गांव के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
-सीएचसी पर इमरजेंसी सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। -राधेश्याम शर्मा, हिसावदा
-सीएचसी पर इमरजेंसी की सुविधा न होने के कारण मरीजों को बागपत या फिर पिलाना सीएचसी की दौड़ लगानी पड़ती है। -भोपाल सिंह, हिसावदा
-स्टॉफ की कमी के कारण मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। सीएचसी पर स्टॉफ की नियुक्ति होनी चाहिए।- परमवीर डौला
-सीएचसी से गांव के अलावा सिंघावली, सराय, हिसावदा, मीतली सहित कई गांव के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। - रामेंद्र कुमार, डौला
शासन को पत्र भेजकर सीएचसी पर स्टॉफ की नियुक्ति कराने की मांग की गई है। स्टॉफ नियुक्त होने पर सीएचसी पर सभी सेवा शुरू कराई जाएगी। - डॉ. महावीर सिंह, सीएमओ