बागपत। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गांवों में रहने वाले एक भी भूमिहीन परिवार को अधिकारी लाभ नहीं दिला पाए। जिसके चलते प्रधानमंत्री आवास योजना में भूमिहीन परिवारों को आवास योजना का लाभ नहीं मिला है।
शहरी क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना वर्ष 2017 में जारी की गई थी, जिसमें जिले के नौ नगर निकायों में रहने वाले 22 हजार से अधिक लाभार्थियों को इसका लाभ मिला। वर्ष 2020 में ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को लाभ दिलाने के लिए लक्ष्य जारी किया और गांवों में रहने वाले भूमिहीन परिवारों को एलएमसी की जमीन चिह्नित कर लाभ दिलाने के आदेश दिए गए। तीन साल बीतने के बाद भी जिले में एक भी भूमिहीन परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं दिलाया जा सका।
----
शहरी क्षेत्र में ये है लाभार्थियों की स्थिति
शहरी क्षेत्र में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के 8184 लाभार्थियों को पहली किश्त, 7899 लाभार्थियों को दूसरी किश्त व 5944 लाभार्थियों को तीसरी किश्त का लाभ दिलाया जा चुका है।
----
ग्रामीण क्षेत्र में ये है स्थिति
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत वर्ष 2020 में 62 के सापेक्ष 54 लाभार्थियों को तीन किस्तों में एक लाख 20 हजार रुपये देकर लाभ दिलाया गया। इसके बाद वर्ष 2021 व 2021 में 27 के लक्ष्य के सापेक्ष 22 लाभार्थियों का चयन किया और सात लाभार्थियों को 40 हजार रुपये की पहली किश्त दिलाई गई।
----
वर्जन-
ग्रामीण इलाके में भूमिहीन परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए ब्लाकों व तहसील के अधिकारियों को पत्र लिखकर ऐसे परिवारों की सूची मांगी गई है। जिसके अनुसार भूमिहीन परिवारों को लाभ दिलाया जाएगा। - विद्यानाथ शुक्ल, सीडीओ