-पेयजल के लिए स्वास्थ्य कर्मी और मरीजों को उठानी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दोघट में लगा नलकूप डेढ़ साल से खराब पड़ा है। इससे चिकित्सकों और इलाज कराने के लिए आने वाले मरीजों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। चिकित्सक और स्टॉफ आस पास के घरों के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दोघट पर पेयजल टंकी का नलकूप डेढ़ साल पहले ठप हो गया था, जिसके बाद से पीएचसी पर पानी की किल्लत शुरू हो गई। अस्पताल में मरीज और स्वास्थ्य कर्मी गर्मी के मौसम में पीने के पानी के लिए इधर-उधर परेशान रहते हैं। आसपास के घरों से पीने का पानी लाना पड़ता है। कई बार तो आसपास के मकानों के दरवाजे बंद रहने के कारण बिना पानी के ही रहने पर मजदूर होना पड़ता है। पीएचसी प्रभारी डॉ़ गौरव चौधरी ने बताया कि नलकूप खराब होने के कारण पानी की समस्या है। इसकी शिकायत सीएचसी बिनौली और नगर पंचायत कार्यालय में की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। अस्पताल में सरकारी हैंडपंप भी नहीं है, जिससे गर्मी में पेयजल के लिए इधर-उधर दौड़ना पड़ता है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मनीष चौधरी का कहना है कि जल्द ही नलकूप ठीक कराकर अस्पताल में पानी का प्रबंध कराया जाएगा।