बागपत। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। कलक्ट्रेट में नामांकन कक्ष और कंट्रोल रूम बनाया गया है। मंगलवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने नामांकन कक्ष और कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर नंबर जारी कर दिए। सहायक महानिरीक्षक निबंधक शची कुमारी को कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त किया।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने नामांकन कक्ष में सीसीटीवी कैमरा, बैठने की व्यवस्था, कंप्यूटर और साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नामांकन करने के लिए समस्या न हो, इसके लिए नामांकन कक्ष में आने के लिए जगह-जगह संकेतक चिह्न के साथ बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नामांकन कक्ष के बाहर बेरीकेडिंग कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कलक्ट्रेट के प्रत्येक कर्मचारी को आईकार्ड जारी किए जाएंगे। आईकार्ड के बिना कर्मचारियों को कलक्ट्रेट में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कंट्रोल रूम मोबाइल-9235930529, वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950, दूरभाष एवं टोल फ्री नंबर 0121-2997031/32 /33/34 पर आने वाली शिकायतों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कंट्रोल रूम में रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम राजस्व पंकज कुमार, एडीएम न्यायिक सुभाष सिंह मौजूद रहे।