बागपत। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को शबगा गांव की पानी की टंकी का निरीक्षण किया। टंकी परिसर में गंदगी देखकर डीएम भड़क गए। उन्होंने परिसर में सफाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने गांव की पेयजल लाइन जगह-जगह से टूटने की शिकायत पर उन्होंने लीकेज बंद करने के निर्देश दिए।
टंकी परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगी हुई थी, जिन पर घास उग रही थी। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को परिसर में सफाई कराने के निर्देश दिए। पानी का संचालन ना होने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी ज्योति बाला, जल निगम के अधिशासी अभियंता मूलचंद को समस्याओं की जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि गांव में सात जगह पानी के पाइप टूटे हुए है। डीएम ने ग्राम प्रधान और सचिव को एक सप्ताह के अंदर पानी के लीकेज बंद करने और लोगों को जलकर देेने के लिए प्रोत्साहित कराने के निर्देश दिए।