रमाला। बासौली गांव में आयोजित जन चौपाल में सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन सिलाना कलस्टर के आठ गांवों में हुए विकास कार्यों की समीक्षा की। सांसद को अपने ही गांव बासौली में 3.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन स्टेडियम का कार्य मानकों के अनुरूप नहीं मिला। उन्होंने नाराजगी जताते हुए जांच के लिए कमेटी बनाने के निर्देश दिए।
सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने बताया कि बासौली, मुकंदपुर, शेरपुर, हलालपुर, सिलाना, चांदनहेड़ी, लुहारा, बरवाला में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन गांवों में शौचालय, खेल मैदान, घूमने के लिए ट्रैक, स्कूलों का कायाकल्प, ओपन जिम, आंगनबाड़ी केंद्रों का सुंदरीकरण, ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, पशु सेवा केंद्र बनाए जाने हैं। जिन पर करीब 107.665 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
चांदनहेड़ी गांव में 33 करोड़ की लागत से आश्रम पद्धति के स्कूल का निर्माण चल रहा है। समीक्षा बैठक में सांसद ने कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के अनुरूप निर्माण कार्य समय अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। लापरवाही बरती जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान कुलदीप प्रधान, जितेंद्र प्रधान, संजीव प्रधान, रूपेश प्रधान, अभिषेक तोमर, अनिल चौहान, अवनीश ठेकेदार मौजूद रहे।
----
स्टेडियम में प्लास्टर और पेंट सही नहीं किया गया
सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने बासौली में निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में गुणवत्ता के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है। स्टेडियम में प्लास्टर व पेंट करने में गड़बड़ी की गई है। सांसद ने स्टेडियम निर्माण की जांच कराने के लिए कमेटी बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्माण करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट कराया जाएगा।