बागपत। बरेली के न्यायालय से हत्या के मामले में फरार घोषित किए जाने का पता चलने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सक्सेना मंगलवार को कार्यालय नही पहुंचे। जिससे मंगलवार को कार्यालय के कार्य भी बाधित रहे। कर्मचारी दिन भर जिला विद्यालय निरीक्षक का इंतजार करते रहे।
बरेली बीएसए कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक दीपचंद गंगवार की तीन जुलाई 2009 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में वर्तमान में बागपत के जिला विद्यालय निरीक्षक व बरेली में तत्कालीन बीएसए धर्मेंद्र सक्सेना एवं दो अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। विवेचना में पुलिस ने तत्कालीन बीएसए को क्लीन चिट देकर दो आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी।
मुकदमा दर्ज कराने वाले नंदराम की अर्जी पर कोर्ट ने धर्मेंद्र सक्सेना को बतौर हत्यारोपी तलब करने के आदेश दिए थे। वह कोर्ट में पेश नहीं हुए तो उनको अब फरार घोषित कर दिया गया। न्यायालय ने सोमवार को बागपत एसपी को जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र सक्सेना को गिरफ्तार कर 18 मई को कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय नहीं पहुंचे। कर्मचारी कार्यालय के कार्यों को लेकर दिन भर जिला विद्यालय निरीक्षक का इंतजार करते रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक के सरकारी और निजी मोबाइल नंबर पर कॉल भी जाती रही, मगर वह फोन भी नहीं उठा।