बागपत। सर्वोदय पब्लिक में चल रही चार दिवसीय उप्र स्कूल शूटिंग प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में सर्वोदय पब्लिक स्कूल के छह शूटर ने एयर पिस्टल और एयर राइफल में गोल्ड मेडल जीते। प्रतियोगिता में बागपत के शूटरों का दबदबा कायम रहा, जबकि दूसरे नंबर पर मेरठ के शूटरों ने पदक जीते।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीएम राजकमल यादव और विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश राइफल्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेट्री गिरिराज शंकर, थिन्क गैस के मार्केटिक प्रबंधक संदीप त्रेहान रहे। डीएम ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और स्वस्थ रहने के लिए खेल बहुत आवश्यक होता है।
गिरिराज शंकर कहा कि अगर खिलाड़ी प्रतियोगिता में असफल भी हो जाता है, तो उसे निराश नहीं होना चाहिए। बल्कि सफलता के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। विद्यालय के संस्थापक तेजपाल सिंह ने कहा कि जीवन में सफल होने के लिए अनुशासन, संकल्प व दृढ़ता जरूरी है।
प्रबंध समिति की ओर से मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथि और अन्य अतिथियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य अमित तेवतिया ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की एअर राइफल जूनियर वर्ग में उज्ज्वल चौहान ने 589 अंक, महिला वर्ग में तपस्वी कुमार ने 593 अंक, पुरुष वर्ग की एअर राइफल सब जूनियर पुरुष वर्ग में इशान चौहान ने 392 अंक और महिला वर्ग में पीहू श्रीवास्तव ने 378 अंक प्राप्त किए।
5006 एअर राइफल सब जूनियर महिला वर्ग में शैलजा यादव ने 386 अंक, 5007 एअर पिस्टल जूनियर पुरुष वर्ग में विजय कुमार तोमर ने 576 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। सर्वोदय पब्लिक स्कूल के छह खिलाड़ियों अंशुदार, पुनीत तोमर, अभिषेक यादव, सूरज, भविष्य एवं ऋषभ ने व्यक्तिगत एवं टीम गेम में छह गोल्ड मेडल प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया। मौके पर विद्यालय के निदेशक प्रमोद पवार, प्रबंध समिति के सदस्य देवेंद्र कुमार, हरेंद्र पंवार, अवध कुमार मौजूद रहे।