ग्राम अब्दुलपुर में युवती पर ईंट से हमला करता आरोपी युवक
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के ग्राम अब्दुलपुर में खेत में दीवार बनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के दंपती और उनके एक पुत्र, पुत्री पर फावड़े, ईंटों और डंडों से हमला कर घायल कर दिया। हमले की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुटी है।
ग्राम अब्दुलपुर के रहने वाले सतीश कुमार ने बुधवार को घायल अवस्था में परिजनों संग थाने में पहुंचकर तहरीर दी। आरोप लगाया कि उसने अपनी जमीन की चहारदीवारी कराई हुई है। बुधवार सुबह गांव के ही रहने वाले एक परिवार के लोगों ने दीवार तोड़ दी।
सतीश की पत्नी उषा और पुत्री वर्षा ने विरोध किया, तो आरोपियों ने फावड़े, ईंटों और डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान सतीश भी पहुंच गया। हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने घायलों का सीएचसी में उपचार कराया। सीओ विजय चौधरी का कहना है कि दो आरोपी हमलावरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच कराकर आरोपी हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बागपत : दीवार के विवाद में ग्राम अब्दुलपुर में महिला पर फावड़े से हमला करता आरोपी हमलावर।- फोटो : KAHKRA