बागपत/छपरौली। कार्तिक पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण के कारण श्रद्धालुओं ने एक दिन पहले सोमवार को बागपत के पक्का घाट पर यमुना में आस्था की डुबकी लगाई। वहां सुबह से श्रद्धालु आना शुरू हो गए थे। वहीं, शाम तक आवाजाही लगी रही। उधर, छपरौली में मंगलवार को लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने घाट का निरीक्षण किया।
चंद्र ग्रहण होने के कारण सोमवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यमुना घाट पर भीड़ रही। नगर एवं आस-पास के गांवों से ट्रैक्टर और टेंपो में सवार होकर पक्का घाट पहुंचे श्रद्धालुओं ने यमुना में डुबकी लगाई। नगर के पक्का घाट पर सुबह ही भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। दोपहर बाद तक लोग आते रहे। श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नान के बाद पूजा अर्चना कर सूर्य देव अर्घ्य दिया और दीपक जलाया। पूजन के बाद प्रसाद का वितरण किया। महिलाएं गीत गाते हुए यमुना घाट पर पहुंचीं और स्नान किया।
उधर, छपरौली कस्बा में यमुना घाट के पास मोक्ष धाम पर मंगलवार को लेगने वाले मेले एवं भंडारे को लेकर तैयारियां चल रही हैं। घाट पर बल्लियां लगाकर प्रकाश की व्यवस्था कराई गई है। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान व एसपी डॉ. मनीष मिश्रा ने घाट का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।
छपरौली में यमुना घाट का निरीक्षण करते प्रशासनिक अधिकारी- फोटो : BAGHPAT