बागपत। गर्मी से भले ही कुछ राहत मिली हो, मगर डायरिया व त्वचा रोग अभी पीछा नहीं छोड़ रहे हैं। यहां रविवार को आरोग्य मेलों में सबसे ज्यादा इन रोगों के मरीज पहुंचे। इनके अलावा मधुमेह की चपेट में भी काफी लोग आ रहे हैं। चिकित्सकों ने सभी का उपचार करने के साथ ही सावधानी बरतने की सलाह दी है।
जिले में रविवार को 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जहां 27 चिकित्सकों और 88 पैरा मेडिकल स्टाफ ने मरीजों की जांच कर दवाइयां दी। इन आरोग्य मेलों में जहां पिछले सप्ताह 690 मरीज जांच कराने के लिए पहुंचे तो इस बार इसमें थोड़ी बढ़ोतरी हो गई और 711 मरीज उपचार कराने के लिए पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा करीब 108 मरीज डायरिया व पेट की बीमारियों के मिले। मरीजों के साथ यह समस्या रही कि उल्टी व दस्त ठीक होने पर भी पेट में कई दिन तक दर्द रहता है। इसके अलावा 110 मरीज त्वचा रोग के मिले। मेलों में मुधमेह के 120 मरीज मिले। इस बार बुखार के 26 मरीज उपचार कराने के लिए पहुंचे। सीएमओ डा. महावीर सिंह ने बताया कि मरीजों को बीमारियों की जांच के बाद दवाईयां देने के साथ ही दिनचर्या व खानपान बेहतर करने की सलाह दी जा रही है। क्योंकि इस समय दिनचर्या व खानपान बेहतर होने पर काफी बीमारियों से बचा जा सकता है।
अस्पताल में भी डायरिया व बुखार समेत अन्य बीमारी के मरीज भर्ती
जिला अस्पताल में भी डायरिया, बुखार समेत अन्य बीमारियों के करीब 26 मरीज भर्ती थे। जहां पिछले सप्ताह तक जिला अस्पताल का सामान्य वार्ड खाली होने लगा था, वहीं वह दोबारा से भर गया है। वहां डायरिया के सबसे ज्यादा छह मरीज भर्ती थे। डायरिया की चपेट में इस समय बच्चे ज्यादा आ रहा है, जिनके खानपान का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा जा रहा है। इसके अलावा बुखार की चपेट में भी लोग आ रहे है जो अस्पताल में भर्ती किए गए।