संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। ग्राम सांकरौद में दहेज हत्या के आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पा रही है। इसके विरोध में मृतका के मायके वालों ने सीओ कार्यालय पर शनिवार को हंगामा प्रदर्शन किया।
थाना चांदीनगर क्षेत्र के ग्राम पटौली निवासी अमरपाल की पुत्री श्वेता की शादी दो वर्ष पूर्व सांकरौद निवासी मोनू से हुई थी। बीती 16 अक्तूबर को वह घर में मृत पाई गई थी। श्वेता के पिता अमरपाल ने पति मोनू, सास, जेठ और जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मोनू को जेल भिजवा दिया था। बाकी आरोपी फरार हैं।
मृतका के परिजन ग्रामीणों के साथ सीओ कार्यालय पहुंचे। वहां प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि पुलिस लापरवाही बरत रही है। इससे श्वेता के मायके वालों को भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने सीओ से फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
वहीं, सीओ विजय चौधरी ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान ओमपाल सिंह, प्रधान संदीप ढाका, सतेंद्र कुमार, जोगेंद्र सिंह, ओमपाल सिंह, रवींद्र कुमार, धर्मेंद्र, मदन, सुरेश कुमार, जयपाल सिंह, मोहित, महावीर, अजय कुमार आदि मौजूद रहे।