बागपत। महिलाओं के समूह बनाकर लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वालों की गिरफ्तारी की मांग काे लेकर पीड़ितों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने कलक्ट्रेट प्रभारी को ज्ञापन देकर फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
कलक्ट्रेट पहुंचे लोकेश निवासी कोताना, नितिन शर्मा निवासी मेरठ समेत अन्य लोगों ने बताया कि बड़ौत में कुछ लोगों ने समूहों को लोन दिलाने का कार्यालय खोला था। जिन्होंने क्षेत्र के सैकड़ों लोगों से लोन दिलाने के नाम पर रुपये लिए। आरोप लगाया कि उनके 16 समूहों से जुड़े लोगों से 13 लाख 54 हजार रुपये लिए गए। जिसमें 65 हजार रुपये का लेनदेन खाते से किया गया।
आरोप लगाया कि उन्हें न तो रुपये दिए गए और न ही लोन दिलाया गया। रुपये वापस मांगने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य फरार चल रहे है। उन्होंने लाखाें रुपये की ठगी करने वालों को गिरफ्तार कराने की मांग की। मौके पर मुकेश, मोमीन, कृष्णपाल समेत अन्य मौजूद रहे।
एजेंट दो फीसदी कमीशन देने का वादा किया
कलक्ट्रेट पहुंची एजेंट रूपा तोमर ने बताया कि लोन दिलाने वालों ने उसे दो फीसदी कमिशन देने का वादा किया था। जिसके बाद उसने क्षेत्र की महिलाओं को इकट्ठा कर समूह बनाए। जिसमें उसके 70 से अधिक लोगों से ठगी की गई।